सुबह जगी राहत की उम्मीद, दोपहर में टूटी

कानपुर (एसएनबी)। मौसम की आंखमिचौनी गुरुवार को भी जारी रही। तड़के बूंदाबांदी होने और हवाएं चलने से दिन में राहत की उम्मीद जगी, लेकिन सूरज के निकलते ही सारी उम्मीदें ध्वस्त हो गयीं। तेज धूप ने दिन भर लोगों को परेशान किया। हालांकि अधिकतम तापमान 39.8 डिग्री और न्यूनतम तापमान 23.8 डिग्री सेल्सियस रहा। गुरुवार तड़के करीब चार बजे फुहार होने लगी। लगभग आधा घंटा पड़ी फुहार से सुबह खुशनुमा रही तो दस बजते ही तपिश कहर ढाने लगी।

12 बजते-बजते आसमान से आग बरसने लगी। गुरुवार को बादल भी नहीं आये। शाम तक उमस भरी गर्मी से जनमानस परेशान होता रहा। गुरूवार को अधिकतम तापमान 0.6 डिग्री बढ़कर 39.8 और न्यूनतम 1.8 डिग्री बढ़कर 23.8 डिग्री सेल्सियस रहा। कड़ी धूप से आद्र्रता घटकर सुबह 43 तो दोपहर बाद 22 प्रतिशत रही। हवा सात किलो मीटर की रफ्तार से चली। चार दिनों से नित्य शाम होने से पूर्व आसमान पर बादलों की आमद होने से गत दिनों मौसम शाम के समय खुशनुमा बनाये रखा। उत्तर पश्चिम हवा चलने से बनी बारिश की संभावनायें ध्वस्त होती गयी और गत दिनों मामूली बारिश ही संभव हो सकी।

हालांकि मामूली बारिश होने से ही तापमान अभी तक चालीस डिग्री पार नहीं कर सका है। उधर बूंदाबांदी होने से वायुमंडल में व्याप्त धूल के कण धरती पर आ जाने से सूर्य की किरणें सीधे पृवी पर आने से गर्मी का अधिक अहसास कराती रहीं। रात में चली तेज हवाओं ने रात बारिश का माहौल बनाया। कड़कती बिजली के बाद बारिश भी हुयी किंतु अधिक बारिश संभव नहीं हो सकी। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में मामूली बादल रहेंगे। गर्मी अधिक होने से तापमान चालीस डिग्री से ऊपर जायेगा। वायु मंडल साफ होने से सूर्य की चमक भी भीषण गर्मी का अहसास कराती रहेगी।